कोरोना देश में- अब तक 5 हजार 749 केस: डॉक्टरों पर हो रहे हमलों पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया; कहा- उनके मन में डर बैठ रहा, राज्य सरकारें सुरक्षा दें

भोपाल में बुधवार को टोटल लॉकडाउन का तीसरा दिन है। लोगों को दूध, रसोई गैस जैसी की किल्लत होने लगी है।


नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 5 हजार 749 हो गई। इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने देश के कई हिस्सों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर हमले और उनसे दुर्व्यवहार की खबरों पर संज्ञान लिया है। कोर्ट ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के मन में डर बैठ रहा है। राज्य सरकारों और पुलिस-प्रशासन की यह जिम्मेदारी है कि जिन जगहों पर कोरोना के मरीज पाए गए हैं या जहां क्वारैंटाइन किए गए लोगों को रखा गया है, वहां लोगों की स्क्रीनिंग के लिए पहुंचने वाले मेडिकल स्टाफ को जरूरी सुरक्षा मुहैया कराए।
बुधवार को महाराष्ट्र में 117 नए केस मिलने के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 1135 हो गई। मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित एक अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने घटिया क्वालिटी के पीपीई किट दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वहीं, आंध्रप्रदेश में 34, राजस्थान में 20 और मध्य प्रदेश के इंदौर में 22 नए पॉजिटिव मिले। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शाम 5 बजे बताया कि देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5 हजार 274 हो गया है। इनमें से 410 मरीज ठीक हुए, जबकि 149 की मौत हो चुकी है। वहीं, covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक अभी तक देश में कोरोना संक्रमण के मामले 5700 को पार कर चुके हैं।


दिल्ली-मुंबई, चंडीगढ़ और यूपी में मास्क अनिवार्य


वायरस के फैलाव को रोकने के लिए दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ और यूपी में घर से निकलने पर मुंह पर कपड़ा बांधना या मास्क लगाना जरूरी कर दिया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा- चेहरे पर मास्क पहनने से कोरोना वायरस के प्रसार को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसलिए घर से बाहर निकलते समय चेहरे पर मास्क लगाना अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया है। आप क्लॉथ मास्क का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, संक्रमण को देखते हुए यूपी के सभी जिलों, महाराष्ट्र के मुंबई और चंड़ीगढ़ में घर से निकलने पर मुंह पर कपड़ा बांधना या मास्क लगाना जरूरी होगा, नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


दिल्ली, संक्रमित 577: राजधानी में अभी कोरोना के 35 मरीज आईसीयू में और 8 वेंटिलेटर पर हैं। बुधवार को पुलिस का एक एएसआई पॉजिटिव मिला। उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। एएसआई के परिवार को क्वारैंटाइन करने के साथ ही कॉलोनी में लॉकडाउन की सख्ती बढ़ाई गई है। उधर, एलजी अनिल बैजल ने लोगों से अपील की है कि वे शब-ए-बारात पर घरों से न निकलें और परिवार की सुरक्षा के लिए घर में ही दुआ करें।


महाराष्ट्र, संक्रमित 1135: यहां बुधवार को 117 और पॉजिटिव केस मिलने से मरीजों की संख्या 1135 हो गई। इनमें 44 मुंबई और 9 पुणे में सामने आए। पुणे में 44 साल के व्यक्ति की संक्रमण के चलते मौत हो गई। उसे डायबिटीज की शिकायत थी। नागपुर में तब्लीगी जमात से जुड़े 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वे एक मस्जिद में ठहरे थे, सभी को यहीं पर क्वारैंटाइन कर दिया गया है। दूसरी ओर, मुंबई के बांद्रा वेस्ट के एक अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने घटिया क्वालिटी के पीपीई किट दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।


मध्य प्रदेश, संक्रमित 312 : इंदौर में बुधवार को 22 और नए पॉजिटिव केस मिले। इंदौर में अब संक्रमितों की संख्या 173 हो गई है, 22 मरीजों की मौत हुई है। भोपाल में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद विभाग के कई अफसर आइसोलेशन में गए। आज राजधानी में टोटल लॉकडाउन का तीसरा दिन है।



  • राजस्थान, संक्रमित 363: स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बुधवार को जयपुर, बीकानेर और बांसवाड़ा में 20 नए संक्रमित मिले। प्रदेश का भीलवाड़ा जिला महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है, लेकिन अब वहां स्थिति कुछ नियंत्रण में है।

  • उत्तर प्रदेश, संक्रमित 361: यूपी में नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ समेत 15 जिले सील, अब सिर्फ जरूरी सामान की होम डिलीवरी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के लिए 50 लाख रुपए के बीमा कवर का ऐलान किया। वहीं, नोएडा में हरौला गांव के करीब 150 लोग कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए, सभी को मंगलवार देर रात क्वारैंटाइन किया गया।

  • गुजरात, संक्रमित 186: यहां बुधवार को 4 नए केस सामने आए। कोरोना से जामनगर में 14 महीने के बच्चे की मंगलवार को मौत हो गई। प्रशासन अब संक्रमण के सोर्स का पता लगा रहा है। माता-पिता को आइसोलेशन में भेजा दिया गया है। इनमें भी किसी तरह के लक्षण नहीं हैं। गांव को सील कर दिया गया है। इससे पहले अहमदाबाद में तब्लीगी जमात के सदस्यों को क्वारैंटाइन किया गया। प्रदेश में कोरोना से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। सूरत में पुलिस ने पोस्टर दिखाकर लोगों को महामारी के प्रति जागरूक किया।

  • हरियाणा, संक्रमित 167: फरीदाबाद में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन ने शहर के 13 इलाके को छाबनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर स्क्रीनिंग और सैंपल ले रही हैं।

  • तेलंगाना, संक्रमित 453: मेहबूबनगर में मंगलवार रात 23 दिन के बच्चे समेत 3 लोग संक्रमित मिले। ये लोग तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे लोगों के सम्पर्क में आए थे। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या का आंकड़ा 10 हो गया है। प्रदेश में अब तक 12 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।



  • चंडीगढ़, संक्रमित 18: यहां कोरोना से बचाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लोगों को भीड़वाले इलाके में जाने से पहले मुंह पर कपड़ा और मास्क लगाना जरूरी कर दिया है।

  • प. बंगाल, संक्रमित 99: कोलकाता में शब-ए-बारात के मौके पर सभी श्मशान घाट बंद रहेंगे। राज्य में कोरोना से 7 लोगों की मौत हुई है।

  • आंध्र प्रदेश, संक्रमित 348: यहां बुधवार सुबह तक 34 नए कोरोना संक्रमित मिले। जगनमोहन रेड्डी सरकार ने लोगों के इलाज और जरूरी सामान की आपूर्ति के लिए गाइडलाइन तय कीं।